जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना के बाद अब डेंगू बीमारी जिले में तेजी से पांव पसार रही है। रोजाना गई-कई नए मरीज सामने आ रहे हैं।
शनिवार को भी जिले में 8 व्यक्ति डेंगू से पीड़ित पाए गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को बुखार से पीड़ित 95 मरीजों की डेंगू से संबंधित जांच की गई। विभाग के अनुसार जिले में अब तक 311 व्यक्ति डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं, जिनमें से ज्यादातर ठीक हो चुके हैं।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि डेंगू के इलाज के लिए सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं। विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में फॉगिंग भी करवाई जा रही है। उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि बीमारी से बचाव के लिए विभाग की हिदायतों का पालन करें और इसे रोकने में विभाग का सहयोग करें।