संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसानों को दिल्ली जाने से रोके जाने व किसानों पर लाठी चार्ज करने के विरोध में मंगलवार को नाराज भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय गुहला के समक्ष सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान करनैल सिंह भाटिया ने की। भाकियू एकता उगराहां के प्रदेश अध्यक्ष कंवरजीत सिंह ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हरियाणा सरकार शंभू व खनौरी बॉर्डरों पर अपनी मांगों को लेकर बैठे किसानों पर लगातार जुल्म कर रही है। उनके ऊपर आंसू गैस के गोले, मिर्च पाउडर, लाठीचार्ज व पानी की बौछारें कर आंदोलन को दबाया जा
रहा है।
यह भी आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ समय पहले इन्हीं सरकारों ने माना था कि किसान यदि ट्रैक्टर ट्राली ना लेकर अन्य साधनों से दिल्ली जाएं तो उनके लिए बॉर्डर खोल दिए जाएंगे लेकिन जब किसान संगठनों ने पैदल ही दिल्ली की ओर कूच किया तो सरकार ने उन्हें बाॅर्डरों पर ही रोक दिया है। वक्ताओं ने कहा कि सरकार का कृत्य निंदनीय है।
ब्लॉक कैशियर अवतार सिंह बौपुर ने कहा कि किसान मांगे मवाने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं लेकिन हरियाणा सरकार उनसे दिल्ली में प्रदर्शन करने की मंजूरी मांग रही है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार द्वारा किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों को इसी तरह कुचला जाता रहा तो इसके नतीजे ठीक नहीं होंगे।
प्रदर्शन में राज्य कमेटी मेंबर चरणजीत कौर, दविंदर कौर, जसवंत सिंह, कर्म सिंह, सुरेश कुमार, मलकीत सिंह, शरणजीत सिंह, भगवान सिंह, कुलवंत सिंह, बलबीर सिंह, शीशन राम, करमजीत सिंह व मनजीत सिंह भी उपस्थित रहे।