संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बदलते मौसम में बीमारियों का प्रकोप बढ़ने लगा है। जिला नागरिक अस्पताल में वायरल फीवर, डायरिया, डेंगू, मलेरिया और हड्डियों के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सामान्य दिनों में जहां ओपीडी में 80 से 100 मरीज आते थे, वहीं अब यह संख्या 300 तक पहुंच गई है।
वायरल फीवर के मरीज सबसे ज्यादा ः अस्पताल रिकॉर्ड के अनुसार, रोजाना 40 से अधिक मरीज वायरल फीवर से लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुखार, उल्टी-दस्त, कमजोरी और खांसी-जुकाम जैसी दिक्कतें ज्यादा हैं। हर उम्र के मरीज प्रभावित हो रहे हैं।
हड्डियों में दर्द और चिकनगुनिया के लक्षण ः बारिश के बाद गठिया और जोड़ों के दर्द वाले मरीज भी तेजी से बढ़ रहे हैं। हड्डी रोग ओपीडी में प्रतिदिन 40-50 मरीज पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों को राय दी है कि घर में बच्चों और बुजुर्गाें का इस मौसम में खास ध्यान रखा जाए।
अस्पताल में आए अजय नामक मरीज को एक सप्ताह से हड्डियों में तेज दर्द था। जांच के बाद उसमें चिकनगुनिया की पुष्टि हुई। समय रहते इलाज मिलने से उसकी स्थिति गंभीर नहीं हुई।
बुखार का हड्डियों पर असर ः शांति कॉलोनी निवासी रमन ने बताया कि उन्हें कई दिनों से बुखार चढ़-उतर रहा था। धीरे-धीरे घुटनों और हड्डियों में तेज दर्द होने लगा। डॉक्टरों ने जांच में इसे वायरल बुखार बताया, जिसने हड्डियों पर भी असर किया।
मलेरिया-डेंगू का खतरा भी मंडराया ः गांव और खेतों से धीरे-धीरे पानी उतर रहा है, लेकिन ठहरे हुए पानी में मच्छरों की संख्या बढ़ गई है। इससे डेंगू और मलेरिया का खतरा और गहरा गया है।
चिकित्सकों की सलाह
n
बाहर का खाना और जंक फूड खाने से बचें।
n
पानी को उबालकर पीएं।
n
सीलन वाले कपड़े न पहनें।
n
ठंडा पानी पीने से परहेज करें।
मौसम में बदलाव से ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ है। सबसे अधिक बुखार, खांसी और जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। - डॉ. दिनेश कंसल, जिला प्रधान चिकित्सकाधिकारी, जिला नागरिक अस्पताल, कैथल।