कैथल। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को भव्य और गरिमामयी रूप से आयोजित करने के लिए शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) दीपक बाबूलाल कारवा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन हुआ। एडीसी ने इस दौरान अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि समारोह की सभी तैयारियां समय पर और सटीक हों।
एडीसी ने बताया कि इस बार 15 अगस्त को जिला स्तरीय समारोह पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करेंगे। वे परेड का निरीक्षण करने के बाद जनता को संबोधित करेंगे।
समारोह में शानदार मार्च पास्ट के साथ विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी पीटी शो, डंबल प्रदर्शन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
इस समीक्षा बैठक में सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, एसडीएम अजय सिंह, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी बीरभान सिंह, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त सीमा बिडलान, एलडीएम एस.के. नंदा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सीमा, डीडीए डॉ. बाबूलाल, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. हीरालाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।