संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। अब शिक्षा विभाग ने भी स्वच्छता का बीड़ा उठा लिया है। कलायत एसडीएम अजय हुड्डा के निर्देश पर हरियाणा शहर स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कलायत में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार नैन मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार बालियान ने की। उनके साथ विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. रामगोपाल, सलीम अली, मलकीत जांगड़ा सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
विद्यालय के विज्ञान संकाय के शिक्षकों ने छात्रों को स्वच्छता के लाभों पर विस्तृत चर्चा करते हुए दैनिक जीवन में उत्पन्न वेस्ट मटेरियल के सही नियोजन की जानकारी दी। कार्यक्रम नोडल डॉ. नरेंद्र कुमार बालियान ने हरे, नीले, लाल व काले रंग के डस्टबिन के उपयोग और उनके महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने निर्देश दिए कि कक्षा-वार विद्यार्थियों व शिक्षकों की टीमें गठित की जाएं और विद्यालय प्रांगण के विभिन्न भागों में उन्हें जिम्मेदारी सौंपी जाए। सबसे बेहतर कार्य करने वाली टीम को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने मिड-डे मील एरिया, किचन और भोजन परोसते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर एक समिति गठित की जाए, जो समय-समय पर स्वच्छता से संबंधित रिपोर्ट विद्यालय प्रधानाचार्य के माध्यम से खंड शिक्षा कार्यालय को भेजे।