सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि कांग्रेस ही देश का विकास कर सकती है। पिछले 10 साल में सूचना, शिक्षा, भोजन का अधिकार, मनरेगा, लोकपाल और नई भूमि अधिग्रहण नीति लागू कर केंद्र की कांग्रेस नीत सरकार ने यह दिखा दिया कि जनता की असली हितैषी वही है।
सांसद रविवार को सेठ झंडामल धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। उन्होंने आह्वान किया कि बिना हिचक कार्यकर्ता सुझाव दें, वह उन पर अमल करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में विकास की गंगा बह रही है। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएं और बताएं कि पिछले 10 साल में कितना बदलाव आया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विकास पुरुष बताते हुए जिंदल ने कहा कि चार लाख परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट, बुजुर्गों, विधवाओं और निशक्त लोगों को 1000 रुपये पेंशन, पूरे प्रदेश में बिजली, प्रियदर्शिनी आवास योजना में दो लाख मकान समेत अनेक योजनाओं से जनता को काफी फायदा हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि पूंडरी हलके में जितने काम उनके समय हुए, उतने पहले कभी नहीं हुए। लगभग सभी गांवों को विकास के लिए ग्रांट मिली, दिल्ली-कैथल ट्रेन की 40 साल पुरानी मांग पूरी हुई, फरल तीर्थ पर घाट का निर्माण, पूंडरी व कौल में सीएचसी समेत अनेक निर्माण हुए हैं। इसी तरह छह स्टेडियम भी बनाए गए हैं।
उन्होंने विशाल हेल्थ मेला, आई कैंप और मेडिकल वैन के जरिये दवाएं, युवाओं को खेल का सामान, छात्रवृत्ति व महिला सशक्तीकरण के मकसद से पूरे संसदीय क्षेत्र में सिलाई-कढ़ाई केंद्र और गांव-गांव में धर्मस्थलों के सहयोग का भी विस्तार से जिक्र किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जड़ौला ने आश्वासन दिया कि लोकसभा चुनाव में वह सांसद को पिछली बार के मुकाबले अधिक वोटों से पूंडरी विधानसभा क्षेत्र से जिताएंगे। पूर्व विधायक दिनेश कौशिक ने भी भरोसा दिलाया कि वह चुनाव में पूरा सहयोग करेंगे।
इस अवसर पर सांसद को सहयोग करने का भरोसा देने वालों में नगर पालिका प्रधान महावीर सिंह, उपप्रधान सेवा सिंह, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भूप सिंह सैनी, ग्रामीण बैंक के निदेशक पीएल भारद्वाज, भाकियू नेता अजीत सिंह हाबड़ी, दर्शन खनौदा, सेवा सिंह खारा, श्याम सुंदर कौल, विजयपाल कौल, कुलदीप राणा, सीताराम राणा, डॉ. एससी बंसल, पंजाबी युवा सभा प्रधान योगेश उप्पल, रामचंद्र जड़ौला, मंडी प्रधान मुकेश अग्रवाल, सुभाष बुच्ची, गोपाल दास पाली, जसविंदर पबनाबा, दलीप श्योकंद, कीमत बंसल और भूषण म्यौली मौजूद रहे।
स्वामीनाथन आयोग की 150 सिफारिशें लागू
सांसद ने कहा कि कृषि विकास के लिए स्वामीनाथन आयोग की 200 में से 150 सिफारिशें सरकार ने लागू कर दी हैं। बाकी 50 भी शीघ्र लागू हो जाएंगी। उन्होंने गन्नौर बैठक का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी इन सिफारिशों को लागू कराए जाने के प्रति गंभीर हैं लेकिन इसके लिए हमें धैर्य रखना होगा।
सात को कनॉट प्लेस में लहराएगा तिरंगा
जिंदल ने कहा कि सात मार्च से दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में साल के 365 दिन तिरंगा लहराएगा और हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
कार्यकर्ताओं को दिया श्रेय
सांसद ने विकास कार्यों का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने अपील की कि कार्यकर्ता खुद को सोनिया गांधी, राहुल गांधी, भूपेंद्र हुड्डा और नवीन जिंदल समझते हुए सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने में जुट जाएं।