कैथल। सरकारी दस्तावेज पर सरपंच की जाली मोहर लगाने व जाली हस्ताक्षर करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। ग्राम पंचायत रामनगर भूना की सरपंच भूपिंद्र कौर ने सीवन थाना में शिकायत दी कि वह सीएससी सेंटर नानकपुरा भूना पर अपने किसी काम से गई थी। उसने देखा कि वहां हरियाणा निवासी प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कुछ फार्म रखे हुए थे। उन फार्मों पर ग्राम पंचायत की मोहर व सरपंच के हस्ताक्षर किए दिखाई दिए। उसने वे फार्म सेंटर वाले से ले लिए। जिन व्यक्तियों के यह फार्म थे, उनके नाम बम्मो देवी, रीना देवी व बलबीर सिंह हैं। ये तीनों रामनगर भूना के निवासी हैं। सरपंच ने इन व्यक्तियों द्वारा पंचायत की जाली मोहर लगाने व हस्ताक्षर करने के आरोप लगाए थे। साथ ही सरपंच ने अंदेशा जताया कि ये व्यक्ति कम पढ़े लिखे हैं। यह मोहर व हस्ताक्षर इन्होंने किसी और से करवाए हुए हैं। सब इंस्पेक्टर शिवकुमार ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।