संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। नगर के जींद मार्ग पर वार्ड नंबर छह व सात में राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला के सामने तालाब की रिटर्निंग वॉल न होने से सड़क भी तालाब में मिलने लगी है। इससे हर समय घटना होने का भय बना रहता है।
पिछले लंबे समय से इस और किसी ने ध्यान नही दिया जिस कारण अब तो जींद को जाने वाला मुख्य मार्ग भी टूटकर तालाब में मिलने लग गया है। यदि अब भी संबंधित विभाग ने इस और ध्यान नहीं दिया तो वह दिन दूर नही जब इस सड़क पर आवाजाही रुक सकती है।
वार्ड नंबर सात निवासी सुभाष, शमशेर, रामशरण, कृष्ण, अंकित, जोगेंद्र ने बताया कि इसी तालाब के पास ही लड़कियों का पांचवीं तक का स्कूल है। यहां छोटे छोटे विद्यार्थी स्कूल में पढऩे के लिए आते है।
इस सड़क के साथ लगते तालाब में रिटर्निंग वॉल न होने से सड़क टूट रही है, जिससे उन्हें भी हादसा होने का भय बना रहता है। बताया कि कई बार प्रशासन को भी इस बारे अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन प्रशासन ने अभी तक इस और कोई ध्यान नही दिया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को इस और कार्य करने के निर्देश दिए जाए।