19ढांड01 साइलो के बाहर ट्रैक्टर ट्रालियों की लगी लंबी कतार 02 कड़कती धूप में ट्रैक्टर पर सोया ए
ढांड। कैथल-कुरुक्षेत्र स्टेट हाईवे पर गांव सोलुमजारा स्थित आदानी साइलो में गेहूं खरीद व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह पटरी से उतरी हुई नजर आ रही है। साइलो के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतारें लगी हुई हैं, जिसके चलते किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए 30 से 40 घंटे तक का लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि किसान दिन-रात सड़क पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में रहकर अपनी बारी का इंतजार करने को मजबूर हैं।
भीषण गर्मी के बीच दिन का तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं रात के समय मच्छरों का प्रकोप उनकी मुश्किलों को और बढ़ा देता है। पीने के पानी, शौचालय और छांव जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में किसानों को बेहद कठिन हालात में समय बिताना पड़ रहा है। किसान पवन, बलजीत, सुरेश सहित अन्य किसानों ने बताया कि पहले वे अपनी फसल को सीधे मंडी में लाते थे, जहां उसी दिन बिक्री हो जाती थी। लेकिन अब साइलो में अव्यवस्था के चलते फसल बेचना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ट्रैक्टर-ट्रालियां कई-कई दिन तक लाइन में खड़ी रहने के कारण मजदूरी और किराये का खर्च दोगुना-तिगुना हो गया है। कई किसान मजबूरी में ट्रकों के जरिए गेहूं ला रहे हैं, जिससे लागत और बढ़ गई है। आदानी साइलो के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कतार अब ढांड की ओर बढ़ते हुए पंचमुखी चौक से भी आगे तक पहुंच चुकी है। यह लाइन अब पिहोवा रोड की तरफ लंबी हो गई है, जिससे कस्बे में यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। अमर उजाला की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, करीब 488 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां अब भी साइलों के दोनों और कतार में खड़ी हैं। इतनी लंबी लाइन के बावजूद खरीद प्रक्रिया में सुधार न होना व्यवस्था की बड़ी नाकामी को दर्शाता है।किसान बलकार ने बताया कि अब किसान पोर्टल, साइट और लंबी लाइनों के बीच फंस कर रह गया है। कभी सरकारी साइट बंद हो जाती है तो कभी पोर्टल की तकनीकी खामियां प्रक्रिया को रोक देती हैं। जब तक ये समस्याएं दूर होती हैं, तब तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे किसान इस सिस्टम के जाल से निकल ही नहीं पाता। संवाद
19ढांड01 साइलो के बाहर ट्रैक्टर ट्रालियों की लगी लंबी कतार 02 कड़कती धूप में ट्रैक्टर पर सोया ए