कैथल। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू व मलेरिया को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसके साथ रविवार को ड्राई-डे मनाकर शहर के विभिन्न कॉलोनियों में लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर शहर की रजनी कॉलोनी, राम नगर और नई अनाज मंडी में क्षेत्र में विभाग की टीमों ने सफाई के प्रति लोगों को जागरूक किया।
इसके तहत लोगों को उनके घरों व प्रतिष्ठान पर सफाई करने के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पूरे जिले में अब तक करीब ढाई लाख घरों में सर्वे किया है। इस सर्वे में 590 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिल चुका है। इसके बाद संबंधित मालिकों को नोटिस दिए गए हैं। डेंगू व मलेरिया के बचाव कार्यक्रम में नोडल अधिकारी व डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि लोगों को बीमारी से बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है।
मलेरिया व डेंगू के क्या लक्षण हैं, इस बारे में भी टीमें बता रही है। इस सीजन में मलेरिया का एक केस मिल चुका है। वहीं, डेंगू का कोई केस अभी तक सामने नहीं आया है।
विभाग की तरफ से नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड भी बनाया गया है। वहीं ओपीडी में आने वाले संदिग्ध केसों पर नजर रखी जा रही है। संवाद