संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को शहर में ड्राई डे मनाया। इस दौरान विभाग की टीमों ने सीवन गेट, प्रताप गेट और रजनी कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लार्वा की जांच की और लोगों को डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया।
अब तक जिले में डेंगू के चार संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। विभाग द्वारा पांच लाख से अधिक स्थानों का सर्वे किया गया, जिसमें 600 से ज्यादा जगहों पर लार्वा पाया गया।
रविवार को ड्राई डे के तहत घरों और दुकानों पर सफाई की गई। पानी के बर्तनों को धोकर ताजा पानी भरा गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने मलेरिया और डेंगू के लक्षणों व बचाव के तरीकों की जानकारी भी लोगों को दी।
उप सिविल सर्जन डॉ. नीरज मंगला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक रविवार को ड्राई डे मनाया जाता है। इसके तहत शहर की विभिन्न कॉलोनियों में लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।