कैथल। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोप में गांव भाणा निवासी राजेश कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि एंटी नारकोटिक सेल की टीम को बुधवार शाम सूचना मिली कि गांव भाणा ड्रेन के पास एक व्यक्ति चरस के साथ खड़ा है। सूचना के आधार पर टीम ने नायब तहसीलदार ढांड अमित माथुर की मौजूदगी में तलाशी ली, जिसमें आरोपी के पास से 117.40 ग्राम चरस बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना पूंडरी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद
दुकानदार के गल्ले से 6 हजार रुपये चोरी
कैथल। कस्बा कलायत में दिनदहाड़े एक दुकानदार के गल्ले से छह हजार रुपये चोरी कर लिए गए। संत कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 फरवरी को दोपहर करीब दो बजे एक अज्ञात व्यक्ति धोखे से गल्ले से नकदी निकालकर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में अजीत नामक व्यक्ति पर संदेह जताया गया है। मुख्य सिपाही विजेंद्र ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद
बिजली केबल चोरी करने में कपिल काबू
कैथल। थाना ढांड क्षेत्र में खेत से बिजली केबल चोरी करने के मामले में पुलिस ने गांव निगदू (जिला करनाल) निवासी कपिल कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि गांव कोल निवासी जितेंद्र ने शिकायत दी थी कि 18 जनवरी को अज्ञात व्यक्ति उसके और पड़ोसियों के खेत से ट्यूबवेल स्टार्टर तथा करीब 300 फुट बिजली केबल चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना ढांड में प्राथमिकी दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले आरोपी सुनील को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में सुनील ने स्वीकार किया था कि उसने चोरी की केबल निगदू में कबाड़ की दुकान चलाने वाले कपिल को बेची थी। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। संवाद