कैथल। सीवन व कांगथली में पुलिस ने नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि एसपी उपासना के आदेशानुसार इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में एसआई कर्मबीर, एएसआई ओमप्रकाश, एचसी सुनील कुमार, महिला सिपाही किस्मत और सोनिया, तथा एसपीओ राजपाल, प्रदीप कुमार और जसविंदर को शामिल कर नशा जागरूकता टीम का गठन किया गया है। यह टीमें प्रतिदिन जिले के अलग-अलग गांवों, कस्बों और शहरी क्षेत्रों में जाकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर रही हैं। इन टीमों का मुख्य उद्देश्य नशा करने वालों को इससे बाहर निकालना, परिवारों को नशे के दुष्परिणामों से आगाह करना तथा युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि नशा स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है। इसके साथ परिवारिक मतभेद, आर्थिक संकट और अपराध की संभावना भी बढ़ाता है। इसी सिलसिले में रविवार को जागरूकता टीमों ने गांव कांगथली और सीवन में विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया। टीमों ने घर-घर जाकर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से बातचीत की।