संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। दिल्ली मंडल के डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने वीरवार को कैथल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान डीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर सभी प्रकार की व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक से सिग्नल व्यवस्था के चलने को लेकर जानकारी भी ली। डीआरएम ने पूछा कि क्या सिग्नल व्यवस्था ठीक ढंग से चलती है। इस पर स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि अब यहां पर तीन साल पहले ही इंटरलॉकिंग सिस्टम शुरू कर दिया गया था। इसके बाद से स्टेशन अधीक्षक के हाथ में यह कंट्रोल रहता है।
इसके बाद रेलवे स्टेशन पर शौचालय से लेकर पीने के पानी की व्यवस्था पर जांच की। इसके बाद उन्होंने यहां पर प्लेटफार्म के बार में जानकारी प्राप्त की। इस पर अधीक्षक ने बताया कि इसे ऊंचा करने की कार्यवाही रेलवे की ओर से जारी है। इस पर डीआरएम पुष्पेश रमन त्रिपाठी ने बताया कि इस पर जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक ने दोपहर के समय बंद हुई ट्रेनों के बारे में डीआरएम को जानकारी दी। इस पर डीआरएम ने बताया कि इस पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही इसके संचालन पर फैसला ले लिया जाएगा।
कैथल रेलवे स्टेशन के अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि डीआरएम वीरवार को अचानक रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। उनका दौरा कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करने का था, लेकिन वे अचानक कैथल पहुंचे। वे करीब एक घंटे तक व्यवस्थाओं की जांच करने के बाद नरवाना के रास्ते दिल्ली वापस लौट गए। शर्मा ने बताया कि डीआरएम ने आश्वासन दिया है कि वे दोपहर के समय बंद हुई पैसेंजर ट्रेन के संचालन पर भी जल्द ही फैसला लेंगे।