कैथल। ट्रैफिक थाना टीम ने वीरवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसएचओ इंस्पेक्टर नरेश कुमार अपनी टीम सहित बस स्टैंड कैथल के नजदीक ऑटो स्टैंड पहुंचे और वहां मौजूद ऑटो व ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने बताया कि सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना चालक की जान के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी खतरा है। इस दौरान ओवरलोडिंग, गलत पार्किंग, नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार जैसी खतरनाक आदतों से बचने की हिदायत दी गई।
एसएचओ ने कहा कि चालकों को हमेशा निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़ा करना चाहिए और सवारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि अनुशासन और सुरक्षित माहौल भी बनेगा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि सड़क पर संयम और धैर्य बनाए रखें तथा दूसरों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।