कैथल। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने बस अड्डा परिसर में बस चालक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव बताकर इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत से न केवल व्यक्ति बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी गंभीर दुष्प्रभाव पड़ते हैं। घर टूटने की कगार पर पहुंच जाते हैं और कई युवा समय से पहले नशे की दलदल में फंसकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने पर उतारू हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन नंबर 9050891508 अथवा 1933 पर या पोर्टल के माध्यम से नशे से संबंधित गुप्त सूचना देकर जागरूक नागरिक होने का कर्तव्य निभा सकता है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षणार्थियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर चालक प्रशिक्षण प्रभारी सुरेश कुमार, महेंद्र आदि चालक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। संवाद