संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बलराज नगर, नेहरू गार्डन कॉलोनी, अमरगढ़ गामड़ी व अशोका गार्डन कॉलोनी में बीते तीन दिनों से पेयजल की आपूर्ति नहीं आ रही है। इससे कॉलोनियों के निवासियों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
राजकुमार, रामनिवास, संदीप, राजू, महेंद्र, सुनीता, प्रवीन व रमेश ने बताया कि तीन दिन से असल तो लोगों के घरों में पानी आ ही नहीं रहा है और एक बार बीच में पानी आया तो वह भी पीने लायक नहीं था। तीन दिन से लोग पानी के लिए पड़ोसियों के घरों में लगे सबमर्सिबल पर आधारित हैं। उन्हें बर्तनों में भरकर लोगों के घरों से पानी ढोना पड़ रहा है।
शहरवासियों ने बताया कि वे इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग में शिकायत कर चुके हैं पर नतीजा सिफर है। उन्होंने जल्द सप्लाई शुरू करवाने की मांग की है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीई गोपाल वैद ने बताया कि विभाग के टैंकों में सिरसा ब्रांच नहर से पानी आता है। नहर में पानी न आने के कारण टैंकों में भी पानी कम है। इस संबंध में सिंचाई विभाग ने कल ही नहर में पानी आने की बात कही है। नहर में पानी आते ही टैंकों से शहर में पेयजल सप्लाई की जाएगी।