संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आदर्श नगर में बीते करीब एक माह से लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों के घरों में लगे नलों में जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से जो पेयजल सप्लाई किया जा रहा है, वह पीने योग्य नहीं है। पीने के पानी में रेत और गंदगी मिक्स होकर घरों में पहुंच रही है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर के निवासियों को शुद्ध पेयजल के लिए निजी सबमर्सिबलों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
नगर निवासी जय प्रकाश गुप्ता, नीरज, रामस्वरूप व अन्य ने बताया कि गर्मी के मौसम में तो पेयजल नहीं मिलने के कारण समस्या और ज्यादा बढ़ गई है। पीने के लिए तो निजी सबमर्सिबलों का पानी प्रयोग कर ही रहे हैं, सामान्य जरूरतों के लिए भी पानी को पहले निथारना पड़ता है। पानी में रेत इतनी ज्यादा है कि यह बिल्कुल धुंधला होता है। लोगों को ऐसे पानी के कारण बीमार होने का भी डर सता रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे कई बार विभाग के अधिकारियों को शिकायत भी कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने विभाग के स्थानीय अधिकारियों के साथ-साथ उच्चाधिकारियों को भी लिखित शिकायत प्रेषित की है, लेकिन उसके बावजूद कोई राहत नहीं है। लोगों ने जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीई गोपाल वैद ने बताया कि आदर्श नगर में जिस ट्यूबवेल से पानी सप्लाई हो रहा है, वह खराब अवस्था में है। इसके लिए पाइप लाइ न भी कुछ स्थानों से क्षतिग्रस्त मिली है, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। विभाग ने नगर में नया ट्यूबवेल लगाने के एस्टीमेट बनाए हैं। जल्द ही नया ट्यूबवेल लगवाया जाएगा। इससे समस्या का समाधान हो जाएगा। विभाग जल्द से जल्द इस कार्य को पूरा करेगा।