कलायत। श्री रैदास तख्त परिसर में सोमवार को हरियाणा राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी, पंचकूला और जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से एचआईवी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया इस मौके पर नाटक मंडली के सदस्य रमेश सैनी, अमर सिंह, पवन कुमार, महिला कलाकार किरण गिल और काफी शर्मा ने एड्स के बचाव के लिए प्रस्तुति में संदेश दिए। इसके अलावा फोक मीडिया यूथ एजुकेशन सोसाइटी के सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि, वार्ड-1 की पार्षद कुमारी रेणू धानियां ने कहा कि सजगता बड़ी से बड़ी समस्याओं का हल है। उन्होंने कहा कि समाज सेवी संगठनों, आम लोगों व शासन-प्रशासन की एकजुटता से स्वस्थ भारत का निर्माण होगा। काउंसलर गीता देवी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एचआईवी, ब्लड शुगर, पीलिया, बीपी और एचबी सहित लगभग सभी स्वास्थ्य जांच की सुविधा प्रदान की गई। डॉक्टरों की टीम कैंप लगाकर लोगों की जांच करती है।
एड्स पीड़ित के साथ भेदभाव पर सजा और जुर्माना: नाटक में महिला कलाकार किरण गिल ने बताया कि अगर कोई एचआईवी मरीज के साथ भेदभाव करता है, तो वह लोकपाल को शिकायत कर सकता है। शिकायत सही पाए जाने पर भेदभाव करने वाले को 6 महीने की जेल और 1 लाख रुपए जुर्माना भुगतना पड़ सकता है। कोई व्यक्ति एचआईवी पॉजिटिव है और नियमित दवाई लेता है, तो सरकार उसे 2250 रुपए पेंशन के रूप में प्रदान करती है। संवाद