कलायत। उपमंडल नागरिक अस्पताल में तैनात चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोमवीर सिंह बटोहे अब सेना में मोर्चा संभालेंगे। उनका चयन बीएसफ में सहायक कमांडेंट पद पर हुआ है। 26 वर्षीय इस होनहार की काबिलियत से परिवार और क्षेत्र के लोग उत्साहित हैं। उनके पिता गुरदेव सिंह पूर्व में कलायत और इन दिनों पूंडरी पुलिस स्टेशन में सब इंस्पेक्टर के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि बचपन से ही सोमवीर सेना और चिकित्सा क्षेत्र के प्रति आकर्षित रहा है। पैतृक गांव खेड़ी शेरखां के साथ-साथ ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर वे बेहद गंभीर रहते थे। उनका मिशन पढ़ लिखकर चिकित्सा क्षेत्र में जाना था। इस लक्ष्य को लेकर बेटे ने दिन-रात एक की आखिरकार कुछ वर्ष पूर्व उनका चयन चिकित्सा अधिकारी के पद पर हुआ। इसके बाद भी उन्होंने पढ़ाई का सिलसिला जारी रखा। इसके तहत करीब तीन माह पहले उन्होंने बीएसएफ में सहायक कमांडेंट पद के लिए साक्षात्कार दिया और योग्यता से वे चयनित हो गए। डॉ. सोमवीर सिंह की नियुक्त पर क्षेत्र के विभिन्न संगठनों ने खुशी जाहिर की है।