संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय में एक व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें बाल कल्याण समिति कैथल के अध्यक्ष भीम सेन अग्रवाल ने समाज के हर वर्ग से अपील की कि बाल विवाह जैसी घटनाओं पर मौन न रहें और यदि कहीं भी ऐसी जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन, पुलिस या बाल कल्याण समिति को सूचित करें।
उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल सामाजिक कुप्रथा नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन, शिक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान पर गंभीर प्रभाव डालता है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को बाल विवाह, साइबर फ्रॉड और एसिड अटैक जैसे गंभीर सामाजिक और कानूनी मुद्दों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान एमडीडी ऑफ इंडिया, कैथल के जिला समन्वयक अशोक कुमार ने साइबर फ्रॉड के बढ़ते मामलों पर विस्तार से प्रकाश डाला और बताया कि आम नागरिक डिजिटल ठगी का शिकार किस प्रकार बन रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. सुनील गर्ग ने सभी छात्राओं से कानून के प्रति जागरूक रहने, सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज उठाने और एक सुरक्षित, संवेदनशील व जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।