संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुतुबपुर में नारायण सेवा संस्थान शाखा की ओर से नशा मुक्ति एवं मोबाइल दुष्परिणाम को लेकर जागरूकता शिविर लगा। शिविर में सभी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के लिए शपथ दिलाई।
शिविर में डॉ. नरेश गर्ग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोबाइल के नशे की लत की वजह से आज बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है। बच्चे अपनी आंखें खराब कर रहे हैं और अपने कॅरिअर पर ध्यान नहीं दे पा रहे है।
उन्होंने कहा कि बच्चे इतनी सुध बुध खो बैठे हैं की अपने ही माता-पिता पर रुपये के लिए हमला कर रहे हैं। शेर सिंह ने कविता के माध्यम से बताया कि नशा व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक तौर से लाचार बना देता है जिसकी वजह से वह और उसका परिवार समाज में सम्मान से रहने का हक खो बैठता है।
ज्ञान चंद भल्ला ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के जरूरी उपायों का विस्तार से वर्णन किया और कहा कि वे खेलकूद और सत्संग का सहारा लेकर नशे से दूर रह सकते हैं। उन्होंने मोबाइल दुष्परिणाम से बचने के लिए मोबाइल व्रत लेने का सुझाव दिया। वहीं, विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर बलिंदर संधू ने कहा कि सभी बच्चे कार्यक्रम में दी गई शिक्षाओं का पूरी तरह से पालन करेंगे।
इस मौके पर प्राचार्य सोहनलाल, सोमनाथ, अरमान मलिक व नारायण सेवा संस्थान की टीम उपस्थित रही।