फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: डोहर को जल्द मिलेगा राजकीय आईटीआई

Wed, 04 Feb 2026 01:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कैथल। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग खंड सीवन के गांव डोहर में जल्द ही राजकीय आईटीआई भवन का निर्माण कराने जा रहा है। विभाग के निदेशक ने लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़के), कैथल के कार्यकारी अभियंता को पत्र भेजकर सर्वे-प्लान रिपोर्ट मांगी है।

राजकीय आईटीआई भवन के निर्माण के लिए सर्वे प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सर्वे रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही निदेशालय को भेजी जाएगी। यदि सभी औपचारिकताएं समय पर पूरी होती हैं, तो वर्ष 2027 के दाखिला सत्र में सीवन क्षेत्र के विद्यार्थियों को राजकीय आईटीआई की सौगात मिल सकती है।
विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि गांव डोहर की ग्राम पंचायत ने कई वर्ष पहले ही राजकीय आईटीआई के लिए आवश्यक भूमि कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के नाम स्थानांतरित कर दी थी। हालांकि यह प्रक्रिया बीते करीब दस वर्षों से लंबित चली आ रही थी, लेकिन अब जाकर यह मांग साकार होती दिखाई दे रही है। वर्तमान में जिले में कुल नौ राजकीय आईटीआई संचालित हैं।

इनमें कैथल ब्लॉक में तीन, पूंडरी ब्लॉक में तीन तथा राजौंद, गुहला और कलायत में एक-एक आईटीआई शामिल है। सीवन क्षेत्र से चीका की दूरी अधिक होने के कारण यहां के विद्यार्थियों को आईटीआई कोर्स करने के लिए कैथल या चीका जाना पड़ता था।

इसी परेशानी को देखते हुए क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सीवन में राजकीय आईटीआई खोलने की मांग कर रहे थे।

जिले में 9 राजकीय व 10 निजी आईटीआई संचालित : जिला कैथल में वर्तमान में 9 राजकीय और 10 निजी आईटीआई संचालित हैं, जहां करीब 6000 विद्यार्थी विभिन्न रोजगारोन्मुखी कौशल पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी सरकारी नौकरियों के साथ-साथ निजी कंपनियों में भी रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। निजी आईटीआई में अधिक फीस होने के कारण आम और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थी वहां दाखिला नहीं ले पाते।

यदि सीवन में राजकीय आईटीआई भवन का निर्माण होता है, तो क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को निशुल्क या कम शुल्क में कौशल प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा, जिससे रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
खंड सीवन में राजकीय आईटीआई भवन के निर्माण के लिए निदेशालय की ओर से सर्वे रिपोर्ट मंगवाई गई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता को पत्र भेजा गया है। सर्वे रिपोर्ट मिलते ही उसे निदेशालय भेज दिया जाएगा। यह कार्य जल्द पूरा होने की दिशा में है, जिससे सैकड़ों विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी कोर्स करने का अवसर मिलेगा। -सतीश मच्छाल, जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य, राजकीय आईटीआई कैथल
विज्ञापन

ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्र की लंबे समय से मांग को देखते हुए ग्राम पंचायत ने कई वर्ष पहले राजकीय आईटीआई के लिए भूमि विभाग के नाम करवाई थी। अब यह मांग सिरे चढ़ती नजर आ रही है, जिससे गांव और आसपास के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

-मक्खन सिंह, सरपंच, गांव डोहर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें