संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी में बिना पंजीकृत निजी अस्पताल में एक डॉक्टर ने एक महिला के अवैध तरीके से गर्भपात कर दिया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामारी कर मौके से औजार बरामद किए हैं। विभाग ने अस्पताल व डॉक्टर के खिलाफ एमटीपी एक्ट के तहत केस दर्ज करने की सिफारिश पूंडरी पुलिस से की है।
स्वास्थ्य विभाग सूचना मिली कि पूंडरी के एक गांव स्थित अस्पताल में बिना किसी विभागीय अनुमति के गर्भपात किया जा रहा है। इस सूचना के बाद सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने तीन डॉक्टरों की टीम बनाकर अस्पताल में एक गर्भवती महिला को भेजा। टीम में डॉ. विकास भटनागर, डॉ. संदीप जैन, डॉ. मालती शर्मा को टीम का सदस्य बनाया। सिविल सर्जन डॉ. कुमार ने बताया कि टीम मंगलवार की सुबह अस्पताल पहुंची। इस दौरान चार महीने 20 दिन की एक गर्भवती महिला का गर्भपात कर दिया था।
महिला के गर्भ में पल रहा बच्चा अविकसित था। इसके चलते ही महिला गर्भपात करवाने के लिए पहुंची थी। महिला सोमवार को अस्पताल में दाखिल हुई थी। इसके बाद मंगलवार को डॉक्टर ने महिला का गर्भपात किया। इसके बाद भ्रूण महिला मरीज के परिवार को दिया। उन्होंने भ्रूण का अंतिम संस्कार किया।
अस्पताल के पास एमटीपी एक्ट के तहत पंजीकरण नहीं पाया और न ही डॉक्टर इसके लिए पंजीकृत मिली। डॉ. की शैक्षणिक योग्यता भी बीएएमसी पाई गई। मौकेे से गर्भपात में प्रयोग होने वाले औजारों को सील किया। इसके अलावा गर्भवती महिला की इलाज लिखी हुई आईपीडी फाइल, ओपीडी रजिस्टर व दवाइयां लिखी हुई स्लिप को भी टीम ने जब्त कर लिया।