नगर परिषद कार्यालय में कर्मचारियों को निर्देश देते डीएमसी कपिल शर्मा। विभाग
- फोटो : ARchive
कैथल। नगर परिषद कार्यालय में डीएमसी कपिल शर्मा सुबह ही औचक निरीक्षण पर पहुंचे। रोजमर्रा की तरह ईओ-एमई समेत कई अधिकारी-कर्मचारी गैर-हाजिर मिले। औचक जांच के दौरान कार्यालय में भारी अनियमितताएं और अनुशासनहीनता देखने को मिली जिसके बाद ईओ और जिला नगर अभियंता एमई समेत छह कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
लंबे समय से डीएमसी को शिकायतें मिल रही थीं कि नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीटों से गायब रहते हैं जिसके कारण दूर-दराज से आने वाले आम लोगों को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है या बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं। जनता की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए डीएमसी अचानक कार्यालय पहुंचे। कार्यालय से ईओ और एमई गायब थे, वहीं चार क्लेरिकल कर्मचारी भी अपनी सीटों पर मौजूद नहीं मिले। ड्यूटी के प्रति इस लापरवाही को देखते हुए डीएमसी ने तुरंत सख्त रुख अख्तियार किया। उन्होंने नदारद पाए गए सभी छह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को सुधारने के लिए भी निर्देश दिए गए। डीएमसी ने मौके पर मौजूद लाइट इंस्पेक्टर सुमित कुमार को आदेश दिया कि वे नगर परिषद परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तुरंत गहनता से जांच करवाएं। जो भी कैमरे खराब या बंद पड़े हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि कार्यालय की गतिविधियों और कर्मचारियों की उपस्थिति पर तीसरी आंख से भी नजर रखी जा सके।
डीएमसी की दो टूक : लापरवाही पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों को फटकार लगाते हुए डीएमसी कपिल शर्मा ने कहा कि जनता को अपने कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पर मजबूर करना अपराध से कम नहीं है। सभी कर्मचारी अपनी सीट पर मौजूद रहकर समयबद्ध तरीके से लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। ड्यूटी समय में किसी भी तरह की कोताही या अनधिकृत रूप से गायब रहने वाले कर्मियों के खिलाफ आगे भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।