संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीएम विंडो शिकायत निवारण में जिला कैथल प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। उपलबि्ध की यह जानकारी डीसी प्रशांत पंवार ने दी।
उन्होंने बताया कि सीएम विंडो शिकायत निवारण पोर्टल आम जन के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस पर आने वाली सभी शिकायतों का तय समय अवधि में निपटान होना चाहिए। वहीं सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों की पेंडेंसी पर संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान में तेजी लेकर आने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय पर शिकायतों के निपटान नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश डीसी प्रशांत पंवार ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में ऑफिसर्स बोर्ड की बैठक में अधिकारियों को दिए।
डीसी ने पंचायत विभाग को निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित करवाना सुनिश्चित करें, वहीं संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए कि बीडीपीओ के माध्यम से ग्राम सभाओं की मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने कार्यालय के बाहर राइट टू सर्विस के बोर्ड भी लगाना सुनिश्चित करें। लोक निर्माण के अधिकारियों को बारिश के कारण खराब हो हुई सड़कों की मरम्मत करवाने को भी कहा। डीसी ने कहा कि पीएनडीटी एक्ट के तहत सख्ती से कारवाई करते हुए स्वास्थ्य विभाग लिंगानुपात में और अधिक सुधार लाएं।
डीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर क्षेत्र में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ उनकी सम्पलिंग भी जरूर करें। उन्होंने जनवरी माह की सैंपलिंग रिपोर्ट भी कार्यालय में भेजने के लिए भी अधीनस्थों से कहा।
डीसी ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रबी की फसलों का शत प्रतिशत पंजीकरण करवाने के लिए किसानों को जागरूक करें। डीसी ने शिवधाम योजना व अमृत सरोवर योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि जिला के 277 गांवों में 477 शिवधामों में 131 शेड, पानी, बाउंड्री वॉल व रास्ते का काम पूरा हो चुका है। अन्य में विकास कार्य चल रहे हैं। इसके साथ ही डीसी प्रशांत पंवार ने अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की।
इस अवसर पर एडीसी सी जया श्रद्धा, एसडीएम कपिल कुमार, देवेंद्र शर्मा व कृष्ण कुमार, डीआरओ चंद्र मोहन, रोडवेज जीएम अजय गर्ग, डीआईओ दीपक खुराना, अरविंद रोहिल्ला व संजीव कुमार मौजूद रहे।