संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिला बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को बार रूम में नवनियुक्त तीन जजों के सम्मान में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एडीजे राजीव गोयल, प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट अजय कुमार वर्मा और सीजेएम अपर्णा भारद्वाज का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संदीप शर्मा, पूर्व प्रधान रणबीर पाराशर और पूर्व सचिव सचिन सिंघल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जजों का अभिनंदन किया।
नवनियुक्त जजों ने अपने संबोधन में वकीलों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और न्यायिक कार्य में सहयोग की भावना से काम करने की बात कही। सत्र न्यायाधीश कंचन माही ने कहा कि बार और बेंच के बीच मधुर संबंध न्याय व्यवस्था की मजबूती के लिए आवश्यक हैं और उनकी टीम इस परंपरा को आगे बढ़ाती रहेगी। वहीं, बार प्रधान संदीप शर्मा ने भरोसा दिलाया कि यहां के अधिवक्ता हमेशा सहयोगात्मक भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सत्र न्यायाधीश कंचन माही, एडीजे अनूपमिश मोदी, नंदिता कौशिक, मोहित अग्रवाल, एसीजेएम अमनइंद्र सिंह, विरेन कादयान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कंवल कुमार, जेएमआईसी अंकिता महाजन, संदीप कौर, तुषार शर्मा, प्रिंस कुमार, माधव मित्तल, साक्षी मैंगी, जसमीन कौर, गुंजन ठाकुर सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
संदीप शर्मा ने फिर संभाला प्रधान पद का कार्यभार
एडवोकेट संदीप शर्मा ने पुनः जिला बार एसोसिएशन के प्रधान के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के सदस्य पद का चुनाव लड़ने के लिए 27 जनवरी को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 10 फरवरी को नामांकन दाखिल किया गया और 18 मार्च को मतदान हुआ, जिसमें उन्हें 1038 प्रथम वरीयता मत प्राप्त हुए। बार काउंसिल के सदस्य पद के परिणाम के बाद उन्होंने 30 अप्रैल को बार काउंसिल ऑफ इंडिया का रुख किया। एक मई को बार काउंसिल ऑफ इंडिया के वाइस चेयरमैन द्वारा जारी पत्र के अनुसार उन्हें पुनः जिला बार एसोसिएशन के प्रधान पद पर बने रहने की अनुमति दी गई।