37 कैथल। घग्गर नदी पर बढ़े जलस्तर को लेकर दौरा करतीं डीसी प्रीति। प्रशासन
गुहला-चीका। घग्गर नदी के जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन रविवार को अलर्ट मोड पर रहा। डीसी प्रीति ने कैथल-पटियाला मार्ग पर घग्गर के टटियाना गेज के अलावा सरौला साइफन, रत्ताखेड़ा लुकमान में बनाए गए घग्गर बंध, भाटिया घग्गर प्वाइंट व भाटिया बंध का दौरा किया और जमीनी स्तर पर तैयारियों की समीक्षा ली उन्होंने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक तैयारियों के संबंध में निर्देश जारी किए। उन्होंने लोगों की मांग पर भाटिया में साइफन पर 24 घंटे चौकीदार तैनात करने के आदेश जारी किए। साथ ही जरूरत पड़ने पर खाली व भरे हुए मिट्टी के कट्टों, जेसीबी सहित अन्य संसाधनों की पूरी तैयारी रखने के निर्देश जारी किए।
डीसी प्रीति ने रविवार दोपहर बाद सबसे पहले पटियाला रोड पर स्थित घग्गर टटियाणा पुल पर पहुंची। जहां उन्होंने गेज का निरीक्षण किया और पाया कि घग्गर में करीब 21 फीट पर पानी बह रहा है। उन्होंने अधिकारियों से पीछे से आ रहे पानी की जानकारी प्राप्त की और वहां पर मौजूद किसानों की समस्याओं को सुना। किसानों ने तटबंध को मजबूत करने की मांग की। इसके बाद डीसी सरोला साइफन का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद डीसी घग्घर बंध रत्ताखेड़ा लुकान पहुंची, जहां पर अधिकारियों से यहां की तैयारियों के लिए किए गए कार्यों तथा किए जाने वाले कार्यों के बारे में जानकारी ली। दो साल पहले आई बाढ़ में यहीं से बंध टूटा था।
डीसी ने यहां किए गए स्टोन पिचिंग के कार्य व तारबंदी की पूरी जानकारी हासिल की। लोगों की मांग पर उन्होंने इसी बंध के कुछ हिस्से को अधिक मजबूत करने के निर्देश जारी किए। इसके बाद डीसी ने रत्ताखेड़ा में पुल का निरीक्षण किया। वहां से डीसी सीधा भाटियां बंध पर पहुंचीं। जहां पंजाब की ओर से आने वाले पानी के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने यहां गांव के लोगों की मांग पर भाटिया इनलेट चैनल पर 24 घंटे चौकीदार तैनात करने के निर्देश दिए। डीसी ने लोगों से कहा कि जिले में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वे किसी भी तरह से पैनिक न हों। घग्गर में जलस्तर अभी सामान्य है और खतरे के निशान से नीचे है। जिला प्रशासन पंजाब सहित प्रदेश के दूसरे जिलों के अधिकारियों के साथ संपर्क में है। जिला प्रशासन जलभराव की स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं। इस मौके पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता गुरविंद्र सिंह दयोल, डीआरओ चंद्र मोहन, एसडीओ अजमेर सिंह व अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।