संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका/कैथल। चीका अनाज मंडी के एक आढ़ती के साथ रुपये के लेनदेन के विवाद में गुहला उपमंडल के गांव मलिकपुर के किसान तरसेम सिंह ने सोमवार शाम को जहर खा लिया। परिजनों को तरसेम के जहर खाने की जैसे ही जानकारी मिली तो वे उसे पटियाला के एक निजी अस्पताल में लेकर गए जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
गुहला पुलिस ने मृतक की पत्नी लखविंद्र कौर की शिकायत पर आढ़ती के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया लेकिन जब उसे मंगलवार सुबह तक गिरफ्तार नहीं किया तो ग्रामीण बिफर पड़े।
नाराज होकर उन्होंने शव को रामनगर समाना रोड पर रखकर जाम लगा सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम लगाने की सूचना मिलते ही डीएसपी कैथल सुशील कुमार व गुहला थाना प्रभारी रामपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। डीएसपी सुशील कुमार ने ग्रामीणों का आश्वस्त किया कि आरोपी आढ़ती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाएगी ऐसे में वे जाम खोल दें और शव का अंतिम संस्कार करें। काफी देर की बातचीत के बाद डीएसपी ने ग्रामीणों को जाम खोलने के लिए राजी किया।
गौरतलब है कि गांव मलिकपुर निवासी तरसेम सिंह ने सोमवार को जहर खाने से पहले एक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था। वीडियो में तरसेम सिंह ने कहा कि आढ़ती ने उसकी तरफ झूठ के आठ लाख रुपये निकाल उसकी रिश्तेदारों व गांव में बदनामी की है जबकि आढ़ती ने उसके खाते से एक बार दो लाख 10 हजार रुपये व एक बार एक लाख 85 हजार रुपये निकाले थे। तरसेम ने वीडियो में बताया कि इसी सीजन में उसने दो ट्राली धान भी आढ़ती के यहां गिराई थी। वीडियो में तरसेम आढ़ती का साथ देने वाले एक अन्य व्यक्ति का भी घर न बसने देने की धमकी देता सुनाई दे रहा है और अपनी मौत का जिम्मेदार चीका के आढ़ती को बताता सुनाई दे रहा है।
तरसेम की पत्नी लखविंद्र कौर की शिकायत पर चीका मंडी के आढ़ती महेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। जांच में जो भी बातें सामने आएंगी उसी के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - सुरेश कुमार, थाना प्रभारी, गुहला।