कैथल। गांव जडौला में जमानती बनने की बात पर हुए विवाद में पांच पड़ोसियों ने घर में घुसकर सतपाल पर हमला कर दिया। आरोप है कि घर की छत पर बैठे सतपाल को लाठी-डंडों से पीटा गया। हमले में उसके सिर, कमर और बाजू पर चोटें आई हैं। सतपाल (50) ने पुलिस को बताया कि नौ नवंबर को शाम करीब सात बजे वह अपने मकान की छत पर बैठा था। इसी दौरान पड़ोसी जगदीश, उसका बेटा विक्की, अभिषेक उर्फ शेकी, बेटी सोनम और पत्नी सलोचना गेट खोलकर घर में घुस आए। सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे।
आरोप है कि जगदीश ने उसकी बाईं बाजू पर डंडे से वार किया, जबकि विक्की ने उसकी कमर और सिर पर लाठी मारी। नीचे गिरने के बाद सोनम, सलोचना और अभिषेक ने उसे लात-घूंसों से पीटा। हमलावरों ने कहा कि तुझे जमानती बनने का ज्यादा शौक है, आज तेरा यह शौक पूरा कर देंगे और मारकर ही दम लेंगे। शोर सुनकर पड़ोसी और परिजन छत पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि घायल सतपाल को नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती करवाया गया। मेडिकल रिपोर्ट में दो चोटें दर्ज हैं। पुलिस ने बयान, मेडिकल रिपोर्ट और मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जगदीश, विक्की, अभिषेक, सोनम और सलोचना के खिलाफ तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।