कैथल में आरकेएसडी कॉलेज में बनाए गए स्ट्रॉग रूम
- फोटो : संवाद
कैथल के आरकेएसडी कॉलेज में रविवार देर रात ईवीएम स्ट्रांग रूम के बाहर हंगामा हो गया। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ बहस हुई। आप कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया। आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे जिला प्रशासन से अनुमति लेने के बाद ही स्ट्रांग रूम के बाहर बैठे थे। जबकि सभी एजेंटों को ईवीएम के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने की अनुमति है। रविवार देर शाम जब आप कार्यकर्ताओं ने स्ट्रांग रूम के बाहर रात काटने की जिद की तो पुलिस ने उन्हें वहां से वापस भेज दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपना रोष जताया।
आप कार्यकर्ताओं का कहना था कि पुलिस की कुछ और ही मंशा है। इसके बाद सोमवार सुबह डीएसपी उमेद सिंह ने आरकेएसडी कॉलेज का दौरा किया। यहां पर उन्होंने स्ट्रांग रूम की व्यवस्थाओं को देखा।
डीएसपी उमेद सिंह ने कहा कि स्ट्रांग रूम में सभी पार्टियों के एजेंटों का आने का अधिकार है। इसके लिए यहां पर अलग से व्यवस्था की गई है। बताया कि स्ट्रांग रूप में आवाज रिकॉर्डिंग वाले सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही एजेंटों की एंट्री के लिए अलग से व्यवस्था की है। यहां पर अलग से ही कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। यह केवल स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई है। डीएसपी उमेद सिंह ने बताया कि स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए तीन लेयर की सुरक्षा लगाई गई है। यह भी निर्देश दिए गए हैं कि जो भी प्रत्याशी या एजेंट स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने आए उनके आई कार्ड चेक कर रजिस्टर में एंट्री की जाए। उसके बाद अगर वो अंदर जाकर ईवीएम मशीनों की सील देखना चाहता है तो उसको दिखाई जाए।
वहीं डीएसपी ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा कॉलेज के गेट के आगे बैठने को लेकर किए गए हंगामे पर कहा कि उनके सामने अभी तक ऐसा कोई विवाद नहीं आया है अगर उन्हें अपने स्तर पर कुछ बोला हो तो इसके बारे में हमें कुछ भी मालूम नहीं हैं और ना ही आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा इस तरह की कोई शिकायत हमको दी गई है।