कैथल। अंबाला रोड की तरफ सेक्टर 20 व 21 के बीच बने चौक पर विवाद खड़ा हो गया है। सोमवार को कुछ अज्ञात लोगों ने इस चौक पर सांकेतिक चिन्ह रूप में संत रविदास के नाम का खंभा लगा दिया। इसके बाद सेक्टर 20 व 21 के लोग एकत्रित हुए और चौराहे का नाम बदलने का आरोप लगाया। बता दें कि इस चौक के नाम को लेकर तीन पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष इस चौक का नाम सुभाष चंद्र बोस रखना चाहता है तो दूसरा पक्ष संत रविदास के नाम से चौक का नाम रखना चाहता है। जबकि तीसरे पक्ष ने इसका नाम पहले ही जनरल क्लब रखा है और सड़क के साथ ही इस चौक का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
विभाग ने पुलिस को कार्रवाई के लिए लिखा-
वहीं, इस मामले पर लोक निर्माण विभाग के एसडीओ संदीप चहल ने बताया कि चौक का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जा रहा है लेकिन निर्माणाधीन चौक के बीच में ही किसी अज्ञात ने सांकेतिक चिन्ह लगा दिया है। ऐसे में इसकी शिकायत हमने पुलिस और उच्च अधिकारियों दी है। यह चौक चिन्हित किया गया था। इसलिए यहां पर छोटा सा चौक बनाया जा रहा था, ताकि वाहन चालक चौक के नियमों के अनुसार यहां से गुजर सके और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो, लेकिन बीच में ही किसी ने इस तरह की हरकत करने का मामला सामने आया है।