कैथल। एससी खाप की महापंचायत सिरटा रोड स्थित महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक केंद्र में हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोन प्रभारी एसडी बौद्ध और जिलाध्यक्ष नरेश ढांडा कौल ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित तंवर, प्रदेश प्रभारी सूरजभान, प्रदेश अध्यक्ष संजीव तेसावर और महिला प्रदेश अध्यक्ष पुष्पा गोलपुरिया शामिल हुई। महापंचायत में युवा शिक्षा, युवाओं को नशे से बचाना और समाज के व्यक्ति पर अत्याचारों को रोकने पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित तंवर ने कहा कि अब एससी खाप प्रदेश में कहीं भी समाज के व्यक्ति के साथ नाजायज तरीके से हो रहे अत्याचार सहन नहीं करेगी और एससी खाप पीड़ित के साथ खड़ी होगी। समाज के लोग खाप के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे जरूरी है। समाज के युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि खाप ने निर्णय लिया है कि समाज के जो विद्यार्थी पढ़ने के इच्छुक हैं, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे आगे पढ़ नहीं पा रहे हैं, तो खाप शिक्षा के क्षेत्र में उन विद्यार्थियों को उचित प्रकार से सहायता करेगी। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष मनजीत मोखरा, प्रदेश महासचिव जय भगवान, एडवोकेट सोनिया तंवर, कैथल उपाध्यक्ष रामनिवास बामणिया, कैथल जिला उपाध्यक्ष संजय बैद्य, जिला उपाध्यक्ष सतपाल सागर, जिला प्रभारी जयदेव पूंडरी व जिला महासचिव सतीश दहिया मौजूद रहे।