संवाद न्यूज एजेंसी
पाई। एसईआरटी गुरुग्राम के जनसंख्या शिक्षा प्रकोष्ठ के सौजन्य से शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाई में युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने संसद की पूरी प्रक्रिया को मॉडल के रूप में प्रस्तुत कर लोकतांत्रिक प्रणाली का जीवंत अनुभव प्राप्त किया।
युवा संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में संचार कौशल, तर्क-वितर्क क्षमता, नेतृत्व गुणों का विकास करना और क्षेत्रीय, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी समझ को गहरा बनाना था। कुल 50 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और प्रभावशाली विचार रखे। निर्णायक मंडल में जितेंद्र राठौर और रतन कुमार ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजयलक्ष्मी के मार्गदर्शन और डीआरवी इंचार्ज डॉ. राजकुमार के सहयोग से हुआ। गौरतलब है कि यह विद्यालय पूर्व में खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता नीतिका ढुल ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाते हैं।