डीसी के. मकरंद पांडुरंग ने कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के अनुसार हुए कार्य की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसी ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की अपडेट समय पर न भेजने वाले विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
गुहला एसडीएम कमलप्रीत कौर को मुख्यमंत्री द्वारा गुहला में महिला कॉलेज खोलने की घोषणा के क्रियान्वयन की स्वयं निगरानी करने को कहा। उन्होंने हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा करवाए जाने वाले विभिन्न सड़कों के निर्माण तथा अन्य घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से इन विकास कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट प्राप्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा विधायक आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए क्योड़क गांव में की गई घोषणाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इन घोषणाओं पर जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों को हर विधानसभा क्षेत्र में दस-दस गांवों की पहचान करने के भी निर्देश दिए। जहां पर व्यायाम शालाएं खोली जाएंगी। उन्होंने मुंदड़ी गांव में भगवान वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय स्थापित करने तथा हाबड़ी गांव में हॉकी अकादमी स्थापित करने के लिए जगह की पहचान करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर गुहला एसडीएम कमलप्रीत कौर, जिला राजस्व अधिकारी दलेल सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा विधि अधिकारी राजेश दुग्गल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरविंद कौशिक, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता जगदीश चंद्र जांगड़ा, मार्केटिंग बोर्ड के कार्यकारी अभियंता आशीष गुप्ता, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रेम सिंह, दीनानाथ शर्मा, संजय टांक, नरेंद्र मल्होत्रा के अतिरिक्त पंचायती राज विभाग के उपमंडल अधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक खुराना मौजूद रहे।