संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जल शक्ति अभियान के अंतर्गत वीरवार को केंद्रीय नोडल अधिकारी भूमिका वर्मा (आईएएस) और केंद्रीय जल आयोग के सहायक निदेशक संजीव मिश्रा ने फ्रांसवाला और चक पाडला छौत गांवों में जल जीवन मिशन के तहत किए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हकीकत जानने के लिए ग्रामीणों से सीधा संवाद भी किया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार दीपक कुमार ने बताया कि फ्रांसवाला गांव में 28 लाख से लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी डीआई पाइपलाइन बिछाई गई है और 164 कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, चक पाडला छौत में 23 लाख से एक नया ट्यूबवेल स्थापित किया गया है। इसके अलावा 1.30 करोड़ रुपये से पंप चैंबर, लगभग 10.5 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है और 131 घरों में कार्यशील नल कनेक्शन दिए गए हैं।
चक पाडला छौत पंचायत की स्थापना 2012 में हुई थी। इससे पहले ग्रामीणजन निजी सबमर्सिबल पंपों के माध्यम से जल प्राप्त करते थे। अब जल जीवन मिशन के तहत यहां पाइपलाइन से सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
निरीक्षण के दौरान चक पाडला छौत में ग्राम जल एवं सीवरेज समिति की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें भूमिका वर्मा ने ग्रामीणों और समिति सदस्यों से संवाद कर जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेषकर महिलाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की और वर्षा जल संचयन को ग्राम स्तर पर अपनाने की सलाह दी।
इस दौरान सहायक निदेशक संजीव मिश्रा ने दोनों गांवों में स्थापित ट्यूबवेलों का निरीक्षण किया और फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल भी एकत्र किए। उन्होंने ग्रामीणों से जल गुणवत्ता के संदर्भ में फीडबैक प्राप्त किया। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश ने जिले में जल शक्ति अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर नहरी विभाग के कार्यकारी अभियंता निशांत बत्तान, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता गोपाल वेद, कनिष्ठ अभियंता अमित, बीआरसी संदीप कुमार, सरपंच प्रतिनिधि गुरमीत सिंह, सरपंच लखदीप कौर सहित ग्रामीण मौजूद रहे।