संवाद न्यूज एजेंसी
थर्मल। महर्षि कश्यप राजकीय पॉलिटेक्निक, जाटल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दो नए रोजगारपरक डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इनमें डिप्लोमा इन एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग तथा डिप्लोमा इन अपैरल डिजाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी शामिल हैं।
संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण तथा फैशन एवं परिधान उद्योग में प्रशिक्षित तकनीकी विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इन दोनों नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत की गई है।
पर्यावरण क्षेत्र में मिलेंगे अवसर
डिप्लोमा इन एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग के तहत विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, जल एवं अपशिष्ट प्रबंधन, हरित प्रौद्योगिकी और सतत विकास जैसे विषयों का अध्ययन कराया जाएगा। इस कोर्स के बाद छात्रों के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नगर निगम, जल एवं सीवरेज बोर्ड, ईटीपी/एसटीपी प्लांट, पर्यावरण परामर्श संस्थान और ग्रीन बिल्डिंग सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
फैशन इंडस्ट्री में भी खुलेंगे रास्ते
डिप्लोमा इन अपैरल डिजाइन एवं फैशन टेक्नोलॉजी में फैशन डिजाइन, परिधान निर्माण, टेक्सटाइल तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण और उद्यमिता से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस क्षेत्र में गारमेंट एवं टेक्सटाइल उद्योग, फैशन डिजाइन स्टूडियो, फैशन हाउस, रेडीमेड गारमेंट यूनिट्स, फैशन रिटेल, ई-कॉमर्स सेक्टर के साथ-साथ स्वरोजगार के भी व्यापक अवसर मिलेंगे।
अन्य कोर्स भी जारी
संस्थान में पहले से ही मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल टेक्नोलॉजी के डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए संस्थान ने हेल्पलाइन नंबर 6393096354, 7027809815 और 9896434341 जारी किए हैं।