गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते किसान। संवाद
इंद्री। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन चढूनी और गन्ना किसान संघर्ष समिति हरियाणा ने भादसों स्थित पिकाडिली शुगर मिल के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने की अध्यक्षता समिति के कोषाध्यक्ष गुरनाम मलिक कर रहे हैं।
किसानों ने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। सरकार ने चालू पेराई सत्र के लिए गन्ने का भाव 415 से बढ़ाकर 430 रुपये प्रति क्विंटल किया है, जिसे किसान संगठनों ने अपर्याप्त बताया।
समिति के प्रधान रामपाल चहल ने कहा कि खाद, बीज, डीजल, मशीनरी और मजदूरी महंगी होने से खेती की लागत बढ़ गई है। 430 रुपये के भाव पर लागत निकालना भी मुश्किल है। गुरनाम मलिक ने 15 रुपये की बढ़ोतरी को किसानों का अपमान बताया।
लाडवा खंड के प्रधान कंवरपाल और पिपली खंड के प्रधान अमरीक सिंह ने भी गन्ने का भाव बढ़ाने की मांग उठाई। भाकियू चढूनी के इंद्री हल्काध्यक्ष मनजीत चौगामा ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर मंजीत लालर, राहुल कलसौरा, अशोक, बालकर, भूपेंद्र, ईलम मलिक, राजपाल, मेहर सिंह और ऋषि बड़शालु सहित किसान मौजूद रहे।