करनाल। जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन हुआ। इस दौरान व्यवस्थाओं की एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण को अस्पताल की सुविधाओं की रूपरेखा दिखाई गई। वहीं मरीजों को रोजमर्रा की परेशानियों से जूझना पड़ा।
पंजीकरण काउंटर से लेकर ओपीडी जांच और दवा काउंटर तक सफेद पर्दों से ढके गए थे। कार्यक्रम के लिए उतना ही क्षेत्र संवारा गया, जितना अतिथियों को दिखाना था। पर्दों के दूसरी ओर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। बीमार मरीजों को पंजीकरण, डॉक्टर को दिखाने और जांच करवाने तक घंटों इंतजार करना पड़ा। इलाज की अलग-अलग प्रक्रियाओं में उन्हें कई बार लाइन में लगना पड़ा। अमृत फार्मेसी से सस्ती दवाएं मिलने की उम्मीद है, लेकिन मौजूदा व्यवस्थाओं ने स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति सामने रख दी।
छिपाई गई गंदगी
उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों में अस्पताल के कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इससे अल्ट्रासाउंड जैसी कई सेवाएं प्रभावित हुईं। पीएमओ डॉ. सरिता भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थीं। अस्पताल के पीछे स्थित एक हर्बल गार्डन में गंदगी थी, जिसे प्रबंधन ने सफेद पर्दों से ढक दिया। इससे विधानसभा अध्यक्ष की निगाहें उस ओर नहीं गईं।
मोबाइल शौचालय में पानी ही नहीं
कार्यक्रम के लिए निगम ने एक मोबाइल शौचालय लगाया, जिसमें पानी नहीं था। वसंत विहार के विनोद ने बताया कि इसका कोई लाभ नहीं मिला। यह शौचालय एंबुलेंस के आवागमन मार्ग पर था, जिससे एक एंबुलेंस फंस गई। डीसी डॉ. आनंद कुमार शर्मा के पहुंचने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशि गर्ग अनुपस्थित थीं। उप सिविल सर्जन डॉ. रविंदर संधु ने बताया कि वे राज्य की एक वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़ी थीं, हालांकि पांच मिनट बाद आ गईं।
कार्यक्रम की पूरी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा की गई थीं, पर्दे भी उसी व्यवस्था के तहत लगाए गए थे। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रबंधन प्रतिबद्ध है। - डॉ. दीपक गोयल, नोडल, अमृत फार्मेसी