संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को ग्यारह रुद्री मंदिर परिसर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने शिवालय में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी के नेतृत्व में महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली।
कार्यक्रम के दौरान सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा पिहोवा से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन भी प्रसारित किया गया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, श्रद्धा और भारतीय संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरा देश यह पर्व मना रहा है, जो 11 जनवरी 2027 तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम ज्योतिर्लिंग माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार चंद्रदेव ने भगवान भोलेनाथ की कठोर तपस्या की थी, जिसके बाद भगवान शिव गुजरात की पावन भूमि पर ज्योतिर्लिंग के रूप में प्रकट हुए और तभी से यह स्थान सोमनाथ कहलाया।
इस अवसर पर डीसी अपराजिता, कमलेश ढांडा, लीला राम, कुलवंत बाजीगर तथा सुरभि गर्ग आदि मौजूद रहे।
आकर्षण का केंद्र रही प्रदर्शनी : कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सोमनाथ मंदिर की एक हजार वर्ष की गौरवशाली यात्रा को दर्शाती प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।
श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का उत्साहपूर्वक अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, पुनर्निर्माण, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गईं। विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि 8 जून को पात्र बुजुर्गों को विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों
में गूंजी शिव महिमा
जिला स्तरीय इस भव्य कार्यक्रम में लोक कलाकारों, विद्यार्थियों और जंगम जोगियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थितजनों को शिव भक्ति में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन मंडली द्वारा रागनियों के माध्यम से भगवान शिव की महिमा के गुणगान से हुई। इसके बाद सुपार्श्व जैन स्कूल के विद्यार्थियों ने श्री गणेश स्तुति और भगवान शिव पर आधारित विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। वहीं जंगम जोगी समूह ने पारंपरिक शैली में शिव महिमा का गायन कर श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से जोड़ने का कार्य किया। अंत में आरकेएसडी कॉलेज के कलाकारों ने भी धार्मिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर प्रस्तुति देते कलाकार।
सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर प्रस्तुति देते कलाकार।