संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। 14 मई को कैथल शहर में श्री गीता भवन मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। जिला पुलिस प्रशासन और यातायात पुलिस इसकी तैयारी कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।
यातायात थाना प्रभारी एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिन मार्गों से शोभा यात्रा गुजरेगी, उन रूटों पर वाहन चालक अपने वाहन लेकर न जाएं तथा वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान संबंधित मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा और इसके लिए पुलिस कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। एसएचओ सतपाल ने बताया कि शोभा यात्रा 14 मई को सुबह नौ बजे श्री गीता भवन मंदिर से शुरू होगी। यात्रा कमेटी चौक, पार्क रोड, पेहवा चौक, पुराना बस अड्डा, छात्रावास रोड, भगत सिंह चौक, चंदाना गेट, प्रताप गेट, डोगरा गेट, सीवन गेट, हिंद सिनेमा और कमेटी चौक से होते हुए पुनः श्री गीता भवन मंदिर में संपन्न होगी।
यातायात पुलिस ने कहा कि यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें। प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।