नहर किनारे श्रावणी पर्व पर तर्पण अनुष्ठान करते आचार्य एवं ब्राह्मण समाज के लोग। संवाद
राजौंद। श्रावणी पर्व के अवसर पर जींद रोड स्थित नहर किनारे तर्पण अनुष्ठान किया गया। आचार्य पंडित राम भगत हरित और आचार्य जीवन शास्त्री ने श्रद्धालुओं को देव, ऋषि और पितृ दोष निवारण के लिए तर्पण के महत्व के बारे में बताया। आचार्यों ने कहा कि यह पर्व मनुष्य के मन, वचन और कर्मों से हुए पापों के प्रायश्चित का अवसर माना जाता है। उन्होंने बताया कि तर्पण अनुष्ठान में शामिल होकर श्रद्धालु दोष निवारण की कामना करते हैं। कार्यक्रम के संयोजकों के अनुसार यह आयोजन पिछले करीब 75 वर्षों से प्रतिवर्ष किया जा रहा है। तर्पण के बाद विधिपूर्वक सप्तऋषि पूजा, यज्ञोपवीत पूजा और हवन यज्ञ किया गया। संवाद