संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/सीवन। गणेश चतुर्थी से चल रहे गणपति महोत्सव में कार्यक्रमों में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। भजनों से अध्यात्मिक रसधारा में श्रद्धालु डूब जाते हैं। महादेव कॉलोनी, प्रताप गेट खरादिया मोहल्ला, श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर, तहसील रोड सहित अन्य विभिन्न पंडालों व घरों में गणेश महोत्सव के तहत पूजा-अर्चना की जाती है। ऐसे में सुबह और शाम आरती के साथ पंडाल गणपति बप्पा मोरया... के जयकारों से गूंज रहे हैं।
सीवन में शांति मोहल्ला सेवा समिति की ओर से आयोजित श्री गणेश महोत्सव में सोमवार रात्रि भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन आकाश कैथल वाले की टीम ने किया। भजन संध्या की शुरुआत मुख्य अतिथि ओम प्रभा अरोड़ा, गुरुग्राम ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। समिति सदस्य मिंटू रहेजा ने बताया कि भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को अध्यात्मिक रसधारा में डुबो दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गणपति वंदना से हुई। इसके बाद आकाश कैथल वाले ने भजन “कृष्ण तेरी मुरली ते क्यों नहीं नचदा” प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, भजन गायक राहुल ने “ऐसा बंधन हो अपना, तू सदा रहे साथ मेरे मैया” गाकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
भजन संध्या के दौरान बाल कलाकार गौरिका वधवा ने राधा रानी का रूप धारण कर सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर मनोज कथरिया, तरुण, राहुल, महेश, बाली, दीपा सहित अन्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु भजनों और झांकियों का आनंद लेते रहे और धार्मिक माहौल में सराबोर नजर आए।