06 सीवन में आयोजित प्रभात फेरी में भजन गाते कलाकार। समिति
सीवन। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नगर में निकाली जा रही प्रभात फेरियों के तहत मंगलवार को 28वीं प्रभात फेरी निकाली गई, जिसका समापन नानकु राम सैनी के निवास पर हुआ। सुबह श्री कृपा बिहारी जी की पालकी और पावन ध्वज मंदिर से रवाना होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए फेरी स्थल पर पहुंची। मार्ग में श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर पालकी का भव्य स्वागत किया।
भजन मंडली के गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। गणेश वंदना से शुरुआत के बाद सागर शर्मा ने आंखों को है इंतजार सरकार आपका... भजन प्रस्तुत किया। राजीव मिड्ढा के नंद रानी कन्हैया जबर भयो री, मेरी माखन की मटकी पटक गयो री... भजन ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। मोंटी कामरा, धीरज गंभीर, शक्ति शर्मा, संजय आहूजा सहित अन्य भजन गायकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। इस अवसर पर सोनाराम, महेंद्र सैनी, सोनू सैनी, संदीप सैनी, रोहित सैनी, रजत वाधवा, अजय, सुनील आदि श्रद्धालु मौजूद रहे। संवाद