संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में बुधवार को डेंगू का कोई नया केस नहीं मिला। फिलहाल इस समय जिले में डेंगू पीड़ित मरीजों की संख्या 74 है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शुक्रवार को जिलेभर के 10 हजार 102 घरों व दुकानों में डेंगू के लार्वा की जांच की। इस दौरान अलग-अलग टीमों को 70 जगहों पर मच्छर का लार्वा मिला। सभी संबंधित मालिकों को नोटिस दिया गया व सफाई के लिए जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 4355 संदिग्ध मरीजों के डेंगू के सैंपल लिए गए हैं। साथ ही अब तक 4174 जगहों पर डेंगू के मच्छर का लार्वा मिल चुका है। सभी को नोटिस दिए गए हैं। वहीं, 22 बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त के नमूने लेकर जांच के लिए भिजवाए, जिनकी रिपोर्ट आज आ जाएगी। फिलहाल जिलेभर हेल्थ डिपार्टमेंट की 238 रेपिड रिस्पांस टीमें फील्ड में काम कर रही है।
जिला सिविल सर्जन डॉ. रेनू चावला ने जनता से अपील करते हुए कहा कि वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए घरों में हर रविवार को तथा कार्यालय परिसर में शुक्रवार को ड्राइंग डे (सुखाने का दिन) मनाएं। उन्होंने कहाकि पानी के कंटेनर, कूलर, ओवरहेड और ग्राउंड टैंक, रेफ्रिजरेटर की पिछली ट्रे, फूलों के गमले, पक्षियों के स्नान आदि के बर्तन खाली कर दें व उन्हें उल्टा करके रखें ताकि उनमें पानी जमा न हो पाए व खाली पड़े टायरों में सुराख कर दें।