ढांड। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) की बैठक ढांड में ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह गौरसी की अध्यक्षता में हुई। इसमें युवा प्रदेश अध्यक्ष विक्रम कसाना, जिला अध्यक्ष गुरनाम फरल और प्रदेश उपाध्यक्ष महावीर चहल नरड़ ने गन्ने के भाव में मामूली बढ़ोतरी पर नाराजगी जताई। विक्रम कसाना ने कहा कि सरकार ने मौजूदा पिराई सत्र के लिए गन्ने के भाव में केवल 15 पैसे और अगले सत्र के लिए 20 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है।
महंगाई और खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए यह बढ़ोतरी नाकाफी है। किसान लंबे समय से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर 19 नवंबर को कैथल शुगर मिल में जिला स्तरीय किसान पंचायत होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 2 जनवरी से गन्ने की छिलाई बंद कर दी जाएगी और 5 जनवरी को प्रदेश की सभी शुगर मिलों पर ताले लगाए जाएंगे। बैठक में पिरथी कौल, कृष्ण मालखेड़ी, नरेंद्र मागो माजरी और बलकार मलिक सहित अनेक किसान मौजूद रहे।