गुहला। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) तहसील गुहला, जिला कैथल की ओर से सोमवार को विभिन्न जनहित मुद्दों के लिए प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन गुहला के एसडीएम के माध्यम से सौंपा गया। यह जानकारी सीपीआई (एम) जिला कमेटी सदस्य व किसान नेता कॉमरेड जसबीर सिंह व तहसील गुहला के सचिव कॉमरेड धर्मपाल भुना ने दी। उन्होंने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से पेपर लीक रोकने के लिए कठोर कदम उठाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर देशभर में जनसमस्याओं के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। कॉमरेड जसबीर सिंह व कॉमरेड धर्मपाल भुना ने बताया कि पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी सहित अन्य ईंधनों की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी गंभीर समस्या का रूप ले चुकी है। विभिन्न सरकारी विभागों में लाखों पद रिक्त पड़े हैं, जिन्हें शीघ्र भरा जाना चाहिए।