संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नवरात्र के दौरान मांस और मछली की दुकानों को बंद करवाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद की एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष बीरभान निर्मल ने की। उन्होंने कहा कि नगर में अनेक मीट एवं मछली की दुकानें सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों, शिक्षण संस्थानों तथा रिहायशी क्षेत्रों के समीप बिना किसी विधिवत अनुमति या लाइसेंस के खुलेआम संचालित हो रही हैं।
जिला सहमंत्री निशीकांत शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं एवं धार्मिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए, शाकाहारी जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दृष्टि से बिना अनुमति संचालित एवं अवैध सभी मीट और मछली की दुकानों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों, शिक्षण संस्थानों और रिहायशी क्षेत्रों सहित शहरी और ग्रामीण इलाकों में चल रही वैध-अवैध दुकानों को चिन्हित कर कम से कम नवरात्र के दौरान तो उन्हें बंद करवाया जाना चाहिए।
प्रखंड मंत्री डॉ. प्रियव्रत गालब ने कहा कि इस संदर्भ में प्रशासन को विश्व हिंदू परिषद द्वारा ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष बीरभान निर्मल, जिला सहमंत्री निशीकांत शर्मा, प्रखंड मंत्री डॉ. प्रियव्रत गालब, प्रखंड धर्म प्रचार प्रमुख अनिरुद्ध गौतम, मंदिर अर्चक पुरोहित विशाल शांडिल्य, राजौंद प्रखंड अध्यक्ष अशोक सेरहदा, प्रखंड मंत्री जयप्रकाश जाखोली मौजूद रहे।