कलायत। आम आदमी पार्टी के कैथल जिलाध्यक्ष जगमग मटौर ने कलायत में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया, डॉ. संजय सिंह सहित करीब 25 नेताओं के पक्ष में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा दिए गए फैसले से भाजपा की राजनीतिक साजिश और झूठ बेनकाब हो गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इससे पहले राउज एवेन्यू कोर्ट भी अपने फैसले में स्पष्ट कर चुका है कि तथाकथित शराब घोटाले का मामला पूरी तरह मनगढ़ंत और निराधार है। इस अवसर पर हलका अध्यक्ष कलायत प्रदीप कुराड, वरिष्ठ नेता जस्सी राणा, युवा हलका अध्यक्ष संजीव चौशाला मौजूद रहे। संवाद
सैनी सरकार की कमजोर स्थिति उजागर : सुरजेवाला
कैथल। जिले में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत ने आम जनता का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। गैस एजेंसियों के बाहर महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और यहां तक कि बच्चे भी घंटों धूप में लाइन लगाने के बाद भी सिलिंडर खाली हाथ लौट रहे हैं। इस संकट ने जनजीवन को ठप कर दिया है। कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सैनी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह गैस संकट उनकी पूरी असफलता और अक्षमता को उजागर कर रहा है। संवाद