कैथल। कैथल से गुहला चीका जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाली की मार झेल रहा है। लोगों के अनुसार सड़क निर्माण और मरम्मत की प्रक्रिया वर्षों से विभागीय फाइलों में ही घूमती नजर आ रही है जबकि सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं लेकिन खस्ताहाल सड़क के कारण सफर जोखिम भरा हो गया है।
गड्ढों की वजह से वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं और हादसों का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और निर्माण के लिए कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के समक्ष मांग उठाई जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया केवल कागजों तक सीमित है। यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो क्षेत्र के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पंजाब को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग
कैथल-गुहला चीका मार्ग हरियाणा और पंजाब को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से प्रतिदिन कैथल, गुहला चीका, पटियाला, दिल्ली और जींद सहित अन्य शहरों के लिए लोगों का आवागमन होता है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से सफर करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर बने गहरे गड्ढों में संतुलन बिगड़ने से बाइक और स्कूटी चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का पता नहीं चलता जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है। इस महत्वपूर्ण मार्ग को फोरलेन बनाने की योजना भी वर्षों से चर्चा तक सीमित है और अभी तक धरातल पर कोई ठोस काम शुरू नहीं हो पाया है।
स्थानीय निवासियों ने कहा- झेलनी पड़ रही असुविधा
स्थानीय निवासी राजेश, रामकुमार, रणधीर, रामकिशन और संदीप ने बताया कि खराब सड़क के कारण सफर का समय बढ़ गया है। लगातार झटकों से वाहनों के टायर, सस्पेंशन और अन्य पुर्जे जल्दी खराब हो रहे हैं। इससे वाहन मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इस मार्ग पर हरियाणा रोडवेज और निजी बसों का भी नियमित संचालन होता है। बस चालकों का कहना है कि गड्ढों के कारण बसों को बार-बार झटके लगते हैं जिससे रखरखाव का खर्च बढ़ रहा है और यात्रियों को भी असुविधा झेलनी पड़ती है।
सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा। लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही सड़क की स्थिति में सुधार के लिए विभाग स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। - वरुण कंसल, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
कैथल से चीका जाने वाली सड़क पर बने हुए गड्ढे। संवाद